यमुनानगर के गांव हवेली में देर रात दो युवकों ने अपने पिता पर हमला कर उसे पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। जिसके बाद दोनों आरोपी घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि गांव हवेली के रहने वाले 55 वर्षीय रणवीर सिहं का अपनी पत्नी रोशनी के साथ झगड़ा चल रहा था। जिस वजह से रोशनी अपने दोनों बेटों गुरविंद्र और जितेंद्र के साथ अपने पति से अलग रहती थी। रात को फिर से रणवीर का अपनी पत्नी से झगड़ा हो गया। रणवीर सिहं अपनी पत्नी के साथ मारपीट करने लग गया।
यह सब देख उसके दोनों बेटे गुस्से में आ गए। गुस्से में आकर गुरविंद्र और जितेंद्र ने अपने पिता की डंडो से पिटाई शुरू कर दी । तभी उसके एक लड़के ने डंडा रणवीर के सिर पर मार दिया। जिस कारण वो घायल हो गया। घायल अवस्था में लोग उसे अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना की सूचना साढौरा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
थाना प्रभारी सुभाष चंद ने बताया कि पड़ोसी कुलदीप की शिकायत पर मृतक रणवीर के दोनों बेटों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। अभी दोनों आरोपित फरार चल रहे है। उनकी तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही हिरासत में लिया जाएगा।