ईद पर चंडीगढ़ के सभी मस्जिदों में रही रौनक

3

ईद पर चंडीगढ़ की सभी मस्जिदों में रौनक रही। मुसलमान लोगों ने मस्जिदों में नमाज अदा किए। नमाज के बाद देश की खुशहाली, सलामती और भाईचारे के लिए दुआएं मांगी। सेक्टर 20 के जामा मस्जिद और सेक्टर 26 के नूरानी मस्जिद सहित सभी मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद की नमाज अदा की। नमाज अदा करने के समय से काफी पहले ही नमाजी आने शुरू हो गए थे।
नमाज से पहले जामा मस्जिद सेक्टर 20 के इमाम व खतीब मौलाना अजमल खान ने लोगों को संबोधित किया। अजमल खान ने शहर के लोगों को ईद की बधाई दी और कहा कि रमजान का पवित्र महीना प्रशिक्षण का महीना है। हम सभी को खुदा के बंदों से मोहब्बत के साथ रहना चाहिए। सभी के लिए मन में प्यार होना चाहिए। किसी के लिए मन में नफरत न रहे। रमजान की बरकत पूरे साल मिले। उन्होंने शहर के लोगों को ईदी के रूप में मोहब्बत का पैगाम दिया। उन्होंने कहा कि ईद की नमाज के बाद अमन शांति और भाईचारे के लिए दुआएं मांगी गई। यह भी दुआ की गई कि हमारा मुल्क विश्व गुरु बने और सब लोग मिलजुल कर रहे।
सेक्टर 20 के जामा मस्जिद के अलावा सेक्टर 26 के नूरानी मस्जिद, ईदगाह मनीमाजरा, ईदगाह बुडैल, मस्जिद सेक्टर 31, मस्जिद राम दरबार, धनास, मलोया, मदीना मस्जिद सेक्टर 29, हल्लोमाजरा मस्जिद सहित सभी मस्जिदों में नमाज हुई।